श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव ट्रैक के पास ही एक पेड़ से लटकता शव बरामद हुआ है। शुरूआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। हालांकि कई अन्य बिंदुओ पर अभी जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के पानीपत के निवासी विजय कुमार(23) रविवार को माता वैष्णो देवी के दरबार में माथा टेकने आए थे। लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों में उनका शव बाड़ गंगा के पास ट्रैक से करीब 100 मीटर दूर के पास एक पेड़ से लटकता मिला।
पुलिस के मुताबिक एक श्रद्धालु की नजर उनके लटकते शव पर गई जिसने इस बात की सूचना फौरन पुलिस को दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक शुरूआती जांच के अनुसार ये मामला आत्महत्या का लग रहा है।
हालांकि जांच अभी जारी है। कटरा पुलिस हरियाणा पुलिस से संपर्क कर श्रद्धालु के घर के बारे में जानकारी जुटा रही है। गौरतलब है कि ट्रैक पर पहले भी कई श्रद्धालुओं की मौत दम घुटने व अन्य गंभीर बीमारियों से हो चुकी हैं। लेकिन आत्महत्या की ये पहली घटना बताई जा रही है।