हंदवाड़ा। हंदवाड़ा पुलिस ने कार्यकारी मजिस्ट्रेट हंदवाड़ा के साथ मिलकर मंगलवार को शहर में शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में स्थित दुकानों पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर दो दुकानों को सील कर दिया गया। वहीं तंबाकू उत्पाद भी जब्त किया गया।
यह अभियान सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद विज्ञापन का निषेध और व्यापार, वाणिज्य, उत्पादन, आपूर्ति और वितरण का नियमन अधिनियम, 2003 (सीओटीपीए) के प्रावधानों को लागू करने की चल रही पहल का हिस्सा था जो शैक्षणिक संस्थानों के पास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाता है।
जांच के दौरान सीओटीपीए नियमों का उल्लंघन करने पर दो दुकानें सील की गईं। भारी मात्रा में तंबाकू उत्पाद जब्त किए गए। यह कार्रवाई कार्यकारी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में की गई। क्षेत्र के दुकानदारों और विक्रेताओं को तंबाकू उपयोग के हानिकारक प्रभावों और निषिद्ध क्षेत्रों में ऐसे उत्पादों की बिक्री के कानूनी परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया कि वे नाबालिगों को या प्रतिबंधित क्षेत्रों में तंबाकू या संबंधित उत्पाद न बेचें। संवाद