दिव्यांग वोटर की फोटो - संदीप मगोत्रा, गुरविंदर सिंह दीपू, हेमराज,
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। लोकसभा के दूसरे चरण के चुनाव में दिव्यांग वोटरों ने भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए मतदान किया। शुक्रवार को शहर के विभिन्न पोलिंग बूथों पर दिव्यांग वोटर मतदान के लिए पहुंचे। मतदान केंद्रों पर इनके लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। दिव्यांग मतदाताओं में उत्साह देखा गया।
केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक गांधीनगर में बने बूथ में व्हीलचेयर पर बैठे संदीप मगोत्रा के चेहरे पर मतदान के लिए अलग ही उत्साह नजर आ रहा था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेना हमारा अधिकार है। संदीप ने कहा कि दिव्यांगों के विकास के प्रति गंभीर सोच रखने वाले सांसद को चुनने के लिए मतदान किया है। उन्होंने कहा कि मैं बेरोजगार हूं और मैं चाहता हूं कि नई सरकार मुझ जैसे दिव्यांगों को रोजगार और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराए ताकि हम अपनी जिंदगी अच्छे से गुजार सकें। वहीं, गुरविंदर सिंह दीपू ने कहा कि अच्छे सांसद व सरकार के लिए विषम परिस्थितियों को पीछे छोड़ आगे आकर मतदान करना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि मैंने अपना वोट उस सांसद को दिया है जो हमारी बातों को सुने और हमारे लिए काम करे। जिस तक पहुंच आसान हो। वहीं, राजकीय बालिका उच्च विद्यालय गांधीनगर में वोट डालकर निकल रहे हेमराज ने कहा कि मैंने अपना वोट विकास, स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों को ध्यान में रखकर दिया है।