‘धरती की जन्नत’ कही जाने वाले कश्मीर घाटी में पर्यटकों की भीड़ और श्री अमरनाथ यात्रा की सफल शुरूआत आतंकी संगठनों को रास नहीं आ रही है। मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड और जमात उद दावा प्रमुख हाफिज सईद इससे बौखला गया है। हाफिज ने एलओसी पर आतंकी संगठनों के साथ बैठक कर कश्मीर में हमले करने पर जोर दिया है।
बारामूला के उड़ी सेक्टर की एलओसी पर हुई आतंकियों की घुसपैठ भी इसी का हिस्सा थी। यही नहीं, कश्मीर के स्थानीय आतंकियों को फिदायीन हमले करने के लिए कहा जा रहा है। खुफिया एजेंसियों के पास इसके पुख्ता इनपुट पहुंचे हैं और एजेंसियों ने इस संबंध में केंद्र को भी सूचित किया है।
दरअसल, कश्मीर में पीक सीजन का रिस्पांस जबरदस्त आया है। पूरे देश में गर्मी से मचे हाहाकार के बाद कश्मीर की तरफ पर्यटकों का रुख बढ़ा है। जून के महीने में कश्मीर घाटी में डेढ़ लाख पर्यटक पहुंचे हैं। हालांकि पहले दो हफ्तों में रिस्पांस अच्छा नहीं था, लेकिन इसके बाद रफ्तार बढ़ी और आंकड़ा डेढ़ लाख तक पहुंच गया।