कश्मीर में जारी हिंसा के दौर के बीच हंदवाड़ा में दो आतंकी सुरक्षा बलों ने ढेर कर दिए। केरन सेक्टर में भी पाकिस्तान द्वारा घुसपैठ कराने की मंशा से एलओसी पर सीजफायर का उल्लंघन किया गया। इसमें सेना का एक जवान शहीद हो गया।
सेना ने यहां घुसपैठ होने से इनकार किया है। सेना के अधिकारियों के मुताबिक सोमवार सुबह पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर फायरिंग की गई थी। भारतीय सेना की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई।
सेना की 21 राष्ट्रीय रायफल्स और पुलिस की संयुक्त टीम ने हंदवाड़ा के नौगाम इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर इलाके की घेराबंदी की। देर तक चली मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों की पहचान नहीं हो सकी है। इलाके में कुछ और आतंकियों के छिपे होने की आशंका के चलते सुरक्षा बलों द्वारा सर्च आपरेशन भी चलाया जा रहा है।
इसके अलावा जिला अनंतनाग के बिजबहिाड़ा के जीरपोरा इलाके में आतंकियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर फायरिंग की। जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की। इस बीच, आतंकियों की फायरिंग में दो आम नागरिक घायल हो गए।
दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उल्लेखनीय है कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) एसएम सहाय ने रविवार को यह जानकारी दी थी कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ में छिपकर आतंकी जवानों पर फायरिंग कर रहे हैं।