उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में एलओसी के करीब शनिवार शाम आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
इलाके में चार से पांच आतंकियों के घुसपैठ कर भारतीय सीमा में दाखिल होने की आशंका जताई जा रही है। दोनों ओर से देर शाम तक फायरिंग जारी थी।
सैन्य सूत्रों के अनुसार तंगधार सेक्टर स्थित बतीजा पोस्ट के करीब सेना की पेट्रोलिंग पार्टी को आतंकियों की हरकत देखने को मिली।
जवानों द्वारा आतंकियों को पहले आत्मसमर्पण करने को कहा गया लेकिन आतंकियों ने इसका जवाब गोलियों से देना शुरू कर दिया।
इस पर सेना के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। मुठभेड़ शुरू होने के बाद सेना की मदद के लिए जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के जवान भी पहुंच गए। आतंकियों के खिलाफ इस ऑपरेशन को सेना की 20 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और एसओजी अंजाम दे रही है।