राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कश्मीर घाटी के युवाओं से आग्रह किया है कि वे मुठभेड़ स्थलों के करीब न जाएं। अनंतनाग संसदीय क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी गुलाम अहमद मीर के समर्थन में प्रचार करने आए आजाद ने कुलगाम जिले के दमहाल हांजीपोरा में कांग्रेस और नेकां की संयुक्त रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह मुठभेड़ स्थलों में बच्चों को भेजने के खिलाफ हैं।
उन्होंने कहा कि यह बच्चों के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच जब भी मुठभेड़ होती है, तो उसके करीब जाने से नागरिकों को भी नुकसान की आशंका रहती है। उन्होंने कहा कि वह अल्ला से प्रार्थना करते हैं कि स्थिति शांति रहे, क्योंकि अशांति से केवल गरीब लोगों को ज्यादा नुकसान होता है।
उन्होंने कहा कि शांति रहे तो ही पर्यटक भी आते हैं और इस ट्रेड से जुड़े लोगों को लाभ होता है। उन्होंने कहा कि नेकां और कांग्रेस के बीच संसदीय चुनाव की दो सीटों के लिए सीट शेयरिंग गठबंधन हुआ है और दोनों सीटों पर नेकां और कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा में करीब 350 सांसद सरकार के ही है। ऐसे में जम्मू कश्मीर के लोगों की आवाज संसद में उठाने के लिए जरूरी है कि विपक्ष के दो सदस्य निर्वाचित हों। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर की जीत सुनिश्चित करें।