उत्तरी कश्मीर की बारामुला जेल में छापा मारकर कैदियों से 14 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। कैदियों के पास आपत्तिजनक सामग्री होने की शिकायत पर छापेमारी की कार्रवाई की गई। इस संबंध में 10-12 कैदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
पुलिस को इस बात की सूचना मिली थी कि बारामुला जेल में कैदियों के पास आपत्तिजनक सामग्री है। यहां तक कि जेल में मोबाइल फोन का भी धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा है। सूचना को गंभीर मानते हुए पुलिस और जेल प्रशासन ने छापेमारी की योजना बनाई। जेल के प्रत्येक वार्ड की गहन तलाशी ली गई।
इस दौरान कैदियों के पास से 14 मोबाइल फोन और कुछ अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। जेल मैनुअल के अनुसार जेल परिसर में मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि जेल के अंदर मोबाइल फोन कैसे पहुंच गए, जबकि इस पर रोक है।