फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'छोटे मोटे शोर शराबे पर एजेंडे से पीछे नहीं हटेगी सरकार'

विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने कहा है कि उनकी सरकार जम्मू कश्मीर में शांति बहाली की दिशा में सबको साथ लेकर चलने में यकीन रखती है। चाहे मुख्यधारा से जुड़े लोग हों या फिर इससे बाहर। सभी को साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा। छोटे मोटे शोर शराबे से उनकी सरकार अपने एजेंडे से पीछे नहीं हटेगी।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने रविवार को विधान परिषद के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन के चुनाव के बाद सदन में कहा कि चेयरमैन पद पर लद्दाख कारगिल क्षेत्र को प्रतिनिधित्व दिया गया है। डिप्टी चेयरमैन का पद विपक्ष को देकर सरकार ने सबको साथ लेकर चलने के अपने एजेंडे को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि देश के लिए जम्मू कश्मीर में शांति बहाली चुनौती है और भाजपा भी इसको समझती है।

अगर हिंदुस्तान को कहीं चुनौती है तो वह जम्मू कश्मीर रियासत है। अलगाववादी नेता मसर्रत आलम की रिर्हाई के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं करेगी और अगर कश्मीर मसला हल न हुआ तो पीडीपी से गठबंधन तोड़ देगी।
विज्ञापन


सरकार बनते ही उन्होंने साफ कर दिया था कि रियासत में सभी को साथ लेकर चला जाएगा। लोगों को स्वच्छ, जवाबदेह और पारदर्शी सरकार मुहैया करवानी है ताकि मुश्किल दौर से बाहर निकला जा सके।

यह नई परंपरा बेहतर है: उपमुख्यमंत्री

उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में लोकतंत्र की मजबूत जड़ों से पूरे विश्व को संदेश जा रहा है। उन्होंने विधान परिषद के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन के चुनाव के बाद सदन में कहा कि इस चुनाव से सत्तापक्ष और विपक्ष को साथ लेकर चलने की नई परंपरा की शुरूआत से लोकतंत्र की जड़े ओर मजबूत हुईं हैं।

उन्होंने कहा कि महाराजा हरि सिंह के शासन काल में जम्मू कश्मीर में लोकतंत्र की मजबूती की तरफ 1932 में कदम बढ़ाए गए थे जिसका सफर निरंतर जारी है। कहा कि सर्वसम्मति से चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन पद पर चुनाव से एक बार फिर पूरी दुनिया खासतौर से जम्मू कश्मीर में अस्थिरता पैदा करने की साजिश रचने वाली ताकतों को स्पष्ट संदेश गया है।

उन्होंने कहा कि महाराजा हरि सिंह के पौत्र विक्रमादित्य सिंह को पीडीपी और अजातशत्रु सिंह को भाजपा ने आपस में चर्चा करने के बाद विधान परिषद का सदस्य नहीं बनाया है, बल्कि इससे नई परंपरा की शुरूआत हुई है। उन्होंने कहा कि विधान परिषद में कश्मीरी पंडित समुदाय से लेकर महिलाओं व अन्य वर्गों को भी प्रतिनिधित्व देकर लोकतंत्र को मजबूत करने का सरकार ने प्रयास किया है।
विज्ञापन

विप चेयरमैन बने अनायत

पीडीपी के अनायत अली को रविवार को विधान परिषद का चेयरमैन चुन लिया गया। विपक्षी पार्र्टी कांग्रेस के जहांगीर हुसेन मीर को डिप्टी चेयरमैन बनाया गया है। रविवार को मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद और उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह की मौजूदगी में विधान परिषद सदन में दोनों पदों पर सर्वसम्मति से चुनाव हुआ।

शिक्षा मंत्री एवं सदन के नेता नईम अख्तर ने चेयरमैन पद के लिए अनायत अली और डिप्टी चेयरमैन पद के लिए जहांगीर हुसेन मीर के नाम का प्रस्ताव रखा। भाजपा सदस्य रमेश अरोड़ा ने इसका अनुमोदन किया। सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने ध्वनिमत से हाथ खड़े कर प्रस्ताव पर सहमति जताई।

कांग्रेस सदस्य जहांगीर हुसेन मीर को डिप्टी चेयरमैन बनाने को विपक्ष ने खासा सराहा। कांग्रेस के गुलाम नबी मोंगा और नरेश गुप्ता तथा नेशनल कांफ्रेंस के सज्जाद अहमद किचलू, डॉ. बशीर अहमद बीरी ने कहा कि मुख्यमंत्री की अगुवाई में सरकार ने जो परंपरा की शुरुआत की है, वह काबिले तारीफ है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें