खेल मंत्रालय भारत सरकार के खेलो इंडिया कार्यक्रम की जम्मू-कश्मीर में शीघ्र शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। नवंबर के आखिर में इस योजना को शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसमें जिला स्तर पर ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों का स्तर ऊंचा करने पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
राज्य में युवा सेवा एवं खेल विभाग और जम्मू-कश्मीर स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल के अधीन खेलो इंडिया में विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन करवाया जाएगा। काउंसिल के मुख्य खेल अधिकारी अब्दुल क्यूम के अनुसार खेलो इंडिया के लिए काउंसिल ने खाका तैयार किया है। इसमें कश्मीर और जम्मू संभाग में पहले चरण में दो-दो जिलों में पांच-पांच खेल प्रतियोगिताएं करवाकर युवा प्रतिभा को नया प्लेटफार्म दिया जाएगा।
खेलो इंडिया में विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए उनके बैंक खाते में जीत की राशि सीधी डाली जाएगी। इसमें जिला स्तर पर पांच में से तीन टीम और दो एकल वर्ग की खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें गांवों और ब्लाक स्तर पर खेल क्षेत्र को विकसित करने की जिम्मेदारी युवा सेवा एवं खेल विभाग को दी गई है, जबकि जिला और राज्य स्तर की जिम्मेदारी स्पोर्ट्स काउंसिल पर रहेगी।
कश्मीर से पुलवामा और अनंतनाग के खिलाड़ियों को मौका
खेलों के विकास की कवायद
- फोटो : डेमो फोटो
सूत्रों के अनुसार काउंसिल की ओर से तैयार खाके में खेलो इंडिया के पहले चरण में कश्मीर से पुलवामा, अनंतनाग और जम्मू से सांबा और उधमपुर जिले में पांच-पांच खेल स्पर्धाओं में पुरुष और महिला खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा। इसमें पुलवामा के लिए फुटबाल, वालीबाल, कबड्डी, जूडो और एथलेटिक खेल प्रस्तावित किए गए हैं।
इन खेलों के चयन में देखा जाएगा कि संबंधित जिलों में किन खेलों का स्तर ऊपर है और वहां युवाओं में किसकी ओर ज्यादा रुझान है। उसी के आधार पर खेल स्पर्धाओं में युवाओं को शामिल किया जाएगा। गत दिवस राज्य के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मौलवी इमरान रजा अंसारी राष्ट्रीय खेल कार्यक्रम खेलो इंडिया के उद्घाटन समारोह के साथ राष्ट्रीय कान्फ्रेंस में शिरकत करके राज्य के लिए कई मांगों को उठाया था।