केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने वीरवार से शुरू वार्षिक अमरनाथ यात्रा के सुचारु तथा शांतिपूर्ण संचालन के लिए राज्य सरकार और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की ओर से किए गए सुरक्षा प्रबंधों तथा अन्य बंदोबस्त पर संतोष जताया। राजनाथ ने पवित्र गुफा का दौरा किया और यात्रा के सुचारु संचालन संबंधी प्रबंधों का निरीक्षण किया।
केंद्रीय गृह मंत्री ने अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित तथा पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए राज्य सरकार को सभी सहायता तथा प्रोत्साहन देने के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। तीर्थयात्रियों के लिए किए गए प्रबंधों पर राज्य सरकार की सराहना की। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने वीरवार को पवित्र गुफा में प्रथम पूजा में भाग लेने के बाद यात्रा पर आए कई श्रद्धालुओं से बात की।
उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं के विषय में भी जानकारी ली। सभी ने यात्रा को सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए गए प्रयासों की सराहना की। राजनाथ ने कहा कि जो भी व्यवस्था की गई है, सुरक्षा की दृष्टि से बहुत अच्छी व्यवस्था है। व्यवस्था से वे खुश हैं, लेकिन, इस यात्रा को और अधिक सुगम बनाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री भी जम्मू कश्मीर को लेकर काफी चिंतित रहते हैं। उन्होंने राजभवन में राज्यपाल एनएन वोहरा से मुलाकात कर बाहरी तथा आंतरिक सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।