कश्मीर में कड़ाके की ठंड के बीच मिट्टी के तेल की किल्लत की शिकायतों पर राज्यपाल एन एन वोहरा ने सख्ती दिखाते हुए कश्मीर के मंडलायुक्त से रिपोर्ट मांगी है।
यही नहीं, कश्मीर में रोजमर्रा की वस्तुओं की उपलब्धता और इसके लिए वसूले जाने वाले दामों की भी रिपोर्ट मांगी गई है। मंडलायुक्त को 14 जनवरी तक हर हाल में रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा गया है। इसी तरह के निर्देश जम्मू के मंडलायुक्त को भी जारी किए गए हैं।
राज्यपाल के पास शिकायतें पहुंच रही हैं कि रोजमर्रा की वस्तुओं की किल्लत है। खासकर कश्मीर में मिट्टी का तेल, चीनी, राशन की किल्लत है। जम्मू से भी शिकायतें मिली। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए राज्यपाल ने मंगलवार को दोनों संभागों के मंडलायुक्तों से रिपोर्ट मांगी है।
राज्यपाल ने बाढ़ पीड़ितों को राहत के लिए केंद्र से मिले 1000 करोड़ रुपए के आवंटन की तैयारी भी कर ली है। वित्त एवं विकास विभाग के प्रधान सचिव से राज्यपाल ने सुझाव मांगा है कि इस अतिरिक्त सहायता राशि का आवंटन किस तरह से किया जाए।