घाटी में लगातार हो रही आतंकी घटनाओं तथा आतंरिक सुरक्षा व्यवस्था पर गृह मंत्रालय की टीम ने राज्यपाल एनएन वोहरा से मुलाकात की। इस दौरान पुलिस पर हो रहे हमलों तथा पत्थरबाजी में युवाओं की भागीदारी पर चिंता जताई गई। अमरनाथ यात्रा के सुरक्षा प्रबंधों को पुख्ता बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर भी चर्चा की गई।
गृह मंत्रालय की आंतरिक सुरक्षा विभाग की विशेष सचिव श्रीमती रीना मित्रा तथा संयुक्त सचिव ज्ञानेश कुमार ने रविवार को राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने घाटी में कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा के प्रभावशाली रखरखाव, अंतरराष्ट्रीय सीमा तथा नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा, घाटी में आतंकियों की घुसपैठ, राज्य पुलिस कर्मियों पर हो रहे लगातार हमलों तथा पत्थरबाजी में युवाओं व छात्रों की भागीदारी के चिंताजनक परिणामों से संबंधित मुददों पर चर्चा की।
बैठक में अमरनाथ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए तय रणनीति पर बात हुई। कहा गया कि पूरे यात्रा मार्ग तथा आधार शिविरों पर सुरक्षा के जबर्दस्त प्रबंध है। अतिरिक्त फोर्स की भी तैनाती की गई है। लगातार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा की जा रही है।