राज्यपाल एनएन वोहरा ने जम्मू तथा कश्मीर पंचायती राज (संशोधन) अध्यादेश 2017 की घोषणा के लिए मंजूरी दी है। उन्होंने दरबार खुलने के बाद इस अध्यादेश को तत्काल घोषित करने की मंजूरी दी है ताकि बिना समय गंवाए लंबित चुनावों के लिए तैयारियां शुरू की जा सके।
पंचायत चुनावों को 2017-18 सर्दियों में आयोजित किए जाने की संभावना है। आगामी चुनावों के लिए समय सीमा को ध्यान में रखते हुए राज्यपाल ने राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी को हल्का पंचायतों को निर्धारित करने तथा पंचायत चुनावों को कराने के लिए जम्मू-कश्मीर पंचायती राज (संशोधन) अध्यादेश 2017 के मुददे पर भी सहमति दे दी है।
राज्यपाल ने कहा कि पीआरआई की स्थापना से निर्णय लेने की प्रक्रिया में लोगों की प्रभावी भागेदारी सुनिश्चित होगी। उन्हें विकासात्मक कार्यक्रमों के कार्यान्वयन की निगरानी में सक्षम बनाया जाएगा। ज्ञात हो कि राज्यपाल ने 2016 में गर्मियों में मुख्यमंत्री के साथ विचार-विमर्श में शहरी तथा ग्रामीण दोनों स्वशासकीय निकायों के चुनावों को यथाशीघ्र कराने को कहा था।