जम्मू रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिव मार्केट में 25 अक्तूबर की रात भीषण आग लग गई थी। कई घंटों तक लगी आग में 40 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गई थीं और करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ था। महबूबा मुफ्ती ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर उनके प्रति संवेदना जताई और नुकसान की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि आग से सबसे ज्यादा नुकसान छोटे दुकानदारों को हुआ है। ये बड़े कारोबारी नहीं बल्कि कर्ज लेकर अपना कारोबार चलाने वाले लोग हैं। दुकानों के साथ उनमें रखा पूरा सामान भी जलकर नष्ट हो गया। ज्यादातर व्यापारियों ने यह सामान उधार पर खरीदा था, ऐसे में अब उनके सामने कर्ज चुकाने और परिवार का पालन-पोषण करने की दोहरी चुनौती है।
महबूबा ने कहा कि सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित दुकानदारों को अधिक से अधिक आर्थिक मदद देनी चाहिए। आखिर कब तक उनकी दुकानें इसी तरह बदहाल पड़ी रहेंगी? उन्होंने कहा कि व्यापारियों को तत्काल सहायता मिलनी चाहिए ताकि वे दुकानें दोबारा बना सकें नया सामान खरीद सकें और अपना रोजगार फिर से शुरू कर सकें।
महबूबा मुफ्ती पांचवीं बार लगातार पीडीपी अध्यक्ष चुने जाने के बाद शनिवार को जम्मू पहुंची थीं। पांच नवंबर को उन्हें पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वह सोमवार को श्रीनगर लौटेंगी।
बालग्राम में बच्चों के साथ मनाई दिवाली
शिव मार्केट के दौरे के बाद महबूबा मुफ्ती ने जम्मू के नरवाल स्थित जरूरतमंद और बेसहारा बच्चों के लिए संचालित बालग्राम का दौरा किया। यहां उन्होंने बच्चों के साथ दिवाली मनाई और करीब एक घंटे तक उनके बीच समय बिताया। इस दौरान उन्होंने दिवाली समारोह में हिस्सा लिया और बच्चों के साथ दोपहर का भोजन भी किया।
महबूबा ने बच्चों और संस्थान के प्रबंधन से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। प्रबंधन ने उन्हें संस्थान की लीज और बच्चों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों से अवगत कराया। महबूबा ने भरोसा दिलाया कि वह इन समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाएंगी, ताकि संस्थान का संचालन सुचारू रूप से जारी रहे और वहां रह रहे बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके।