चंद्रकोट क्षेत्र में भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा का काफिला श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस वाहन उनके काफिले की एस्कॉर्ट ड्यूटी में शामिल हुआ था। तभी एक क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार बस ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन हाईवे पर पलट गया।
हादसे में चंद्रकोट पुलिस थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर विक्की थापा समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद सुनील शर्मा ने अपना काफिला रुकवाया और राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। इसके बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मोहम्मद रफी वानी ने बताया कि चारों पुलिसकर्मियों की हालत स्थिर थी। उन्हें प्राथमिक उपचार देने और जरूरी जांच व स्कैन कराने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सभी खतरे से बाहर हैं।
सुनील शर्मा ने हाईवे पर क्रॉसिंग के पास वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार के कारण ऐसी जगहों पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।