भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राममाधव ने कहा है कि राज्य में गठबंधन तथा राज्य की स्थिति दोनों ही कठिन है, लेकिन गठबंधन के दोनों पार्टनर के बीच बहुत अच्छी अंडरस्टैंडिंग है।
फेसबुक पर इंटरेक्टिव सेशन में गठबंधन के सहयोगियों के बीच लगातार गतिरोध संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार कठिन गठबंधन को पटरी पर लाने के लिए प्रयास तो कर ही रही है, साथ ही राज्य की कठिन परिस्थितियों का हल निकालने की दिशा में भी कदम बढ़ा रही है।
सरकार धीरे-धीरे बेहतर करने की दिशा में प्रयासरत है, लेकिन विपक्षी पार्टियां इसमें रोड़ा अटकाने का कोई मौका हाथ से नहीं जाने दे रही है। घाटी में कश्मीरी पंडितों की ससम्मान वापसी के लिए पीडीपी-भाजपा गठबंधन प्रयासरत है तथा इसके लिए गठबंधन सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इस दिशा में कुछ प्रगति भी हुई है।
मैं इससे सहमत हूं कि इस दिशा में और प्रयास होने चाहिएं। उन्होंने गठबंधन सरकार से लोगों की नाराजगी संबंधी सवाल पर कहा कि यह मीडिया की देन है। उन्होंने कहा कि वे इस बात से सहमत हैं कि सरकार को बेहतर करने के लिए अपार मौके हैं।