जम्मू। पुलिस ने गुगली गैंग के सरगना समेत उसके गुर्गों को जल्द ही हिरासत में लेने का दावा किया है। टीमों ने जाल बुन दिया है। बस मौके की तलाश है, जैसे ही आरोपी पकड़ में आएंगे तो कार्रवाई शुरू होगी। वीरवार को पुलिस ने अलग-अलग जगहों में छापा मारा मगर कुछ हाथ नहीं लगा है।
शाम को पुलिस ने पंजाब और चंडीगढ़ में दबिश दी। बदमाश लोकेशन बार-बार बदल रहे हैं। इस कारण पुलिस की पहुंच से दूर हो रहे हैं। गैंग से संबंध रखने वाले कुछ लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। घरों पर पैनी नजर रखी जा रही है। जम्मू से लेकर हरियाणा तक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की है। पुलिस के अनुसार बदमाशों की मौजूदगी के बारे में अहम सुराग हाथ लगे हैं। इसके आधार पर तीन दिन में कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा और बदमाश सलाखों के पीछे होंगे। जम्मू, सांबा और कठुआ सहित कई इलाकों में गैंग नशा तस्करी, अवैध खराब सहित गुंडागर्दी कर रही है जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।