व्हाइट नाइट कोर (16 कोर) के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह
- फोटो : अमर उजाला
व्हाइट नाइट कोर (16 कोर) के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह ने बताया कि राजोरी-पुंछ जिलों में पाकिस्तानी सेना ने गत डेढ़ माह में 513 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। इनमें भारतीय चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया है। मगर भारतीय सेना पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है और उसी की भाषा में माकूल जवाब दे रही है। जब कभी भी पाकिस्तान की ओर से नापाक हरकत होती है तो भारत की ओर से कड़ा संदेश दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि पांच से छह बार जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। पाकिस्तानी सेना ने 100 से अधिक बार मोर्टार तथा भारी हथियारों का इस्तेमाल सीजफायर उल्लंघन तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाने के दौरान किया है। इसमें शुक्रवार को चार नागरिक पुंछ में घायल हो गए। कहा कि एयर स्ट्राइक के बाद स्नाइपिंग की घटनाओं में भी कमी आई है। स्नाइपिंग की घटनाओं को देखते हुए सेना ने अपने सुरक्षा तंत्र को मजबूत किया है।
इस साल 26 फरवरी तक स्नाइपिंग की केवल तीन घटनाएं हुई हैं जिसमें एक पोर्टर की मौत हो गई। 27 फरवरी से स्नाइपिंग की कोई घटना न होने का मतलब है कि सेना की रणनीति सफल रही है। उन्होंने कहा कि सेना का मनोबल काफी ऊंचा है। बार्डर पर तैनात जवानों के होते हुए नागरिकों को चिंता करने की कोई बात नहीं है। सेना किसी भी चुनौती से निपटने को तैयार है।
घाटी में जैश नेतृत्व समाप्त
जीओसी ने कहा कि 14 फ रवरी को हुए पुलवामा हमले के जवाब में 26 फरवरी को बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी शिविर पर हवाई हमले के बाद कश्मीर घाटी में पाकिस्तान के इस संगठन के नेतृत्व को धराशायी कर दिया गया है। जहां तक जम्मू संभाग की बात है तो यहां एयर स्ट्राइक से पहले और बाद में कोई बड़ी आतंकी घटना नहीं हुई है। ग्राउंड रिपोर्ट यह नहीं दर्शाते हैं कि जम्मू संभाग में अचानक से आतंकी गतिविधियों में बढ़ोत्तरी हुई है। किसी भी भाग से ओवर ग्राउंड वर्करों की अचानक सक्रियता बढ़ने की भी रिपोर्ट नहीं है। पीओके में की गई एयर स्ट्राइक के बाद पाक प्रायोजित आतंकवाद पूरे कश्मीर में थम सा गया है। ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) अंडर ग्राउंड हो गए हैं।
घुसपैठ रोकने में सक्षम
सर्दी के बाद गर्मी का मौसम शुरू होते ही घुसपैठ बढ़ जाती है। इसके लिए सेना सतर्क और तैयार है। पाकिस्तान फिर से आतंकवाद को पुनर्जीवित करने में लगा हुआ है, जिसे सफल नहीं होने देंगे।