जम्मू। संभाग के सबसे बड़े अस्पताल गर्वनमेंट मेडिकल कालेज जम्मू और अन्य एसोसिएट अस्पताल में डाक्टरों की कमी को दूर करने के लिए अस्थायी व्यवस्था के तहत भर्ती की जाएगी। छह महीने के लिए कुल 105 डाक्टरों के पदों को भरा जाएगा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सर्जरी, स्त्रीरोग, बाल रोग, मेडिसन, कोर्डियोलॉजी, चमड़ी रोग, छाती के रोग, ब्लड बैंक समेत कुल 16 विभागों में डॉक्टरों के रिक्त पदों को भरा जाएगा। एक जनवरी 2023 से लेकर जून 2023 तक की अवधि के लिए अस्थायी व्यवस्था के तहत डाक्टरों की भर्ती की जाएगी।
जीएमसी जम्मू की प्रिंसिपल एंड हाउस जॉब सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन डॉ. शशि सूदन शर्मा की तरफ से इस संबंध में अधिसूचना भी जारी की गई है। अधिसूचना के तहत आवेदक एक नवंबर से आठ दिसंबर तक अस्थायी व्यवस्था के तहत भरे जाने वाले पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। लिखित परीक्षा के आधार पर चयन प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।