जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वैश्विक समुदाय से आग्रह किया कि वह जम्मू कश्मीर के सुनहरे भविष्य को आकार देने में सहयोग करे। कहा कि प्रदेश को अस्थिर करने की पड़ोसी मुल्क की लगातार साजिशों के बावजूद प्रशासन सभी क्षेत्रों के विकास के प्रति दृढ़ संकल्पित है। प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर आए 24 विदेशी राजनयिकों के दल ने गुरुवार को राजभवन में उपराज्यपाल से मुलाकात कर प्रदेश के हालात, विकास और इससे संबंधित अन्य मुद्दों पर चर्चा की।
इस अवसर पर उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोगों को वर्षों की परेशानी से पांच अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 और 35ए के हटने के बाद मुक्ति मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के प्रयासों से जम्मू-कश्मीर तेजी से खुशहाली की तरफ बढ़ रहा है। सामाजिक आर्थिक विकास में तेजी आई है और लोगों का सशक्तिकरण हो रहा है। मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर में औद्योगिक विकास के लिए बड़े फैसले लिए हैं।
इससे प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्रों तक विकास पहुंचेगा और रोजगार के अवसर भी बड़ी संख्या में पैदा होंगे। जहां तक केंद्र शासित सरकार का सवाल है तो पहले से कहीं ज्यादा निवेश ढांचागत परियोजनाओं, उद्योगों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कौशल विकास पर हो रहा है। जम्मू कश्मीर के लोगों का भविष्य पूरी तरह से सुरक्षित है। हमारा सामूहिक लक्ष्य जन केंद्रित, विकास और उद्योग उन्मुख नीतियों को लगातार लागू करने का है।
सरकारी योजनाओं का लाभ आखिरी छोर पर खड़े व्यक्ति तक मिले इस पर केंद्रित कर काम हो रहा है ताकि गरीबी दूर हो। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ-साथ युवाओं का कौशल विकास कर उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। महिलाओं को आर्थिक विकास में ज्यादा अवसर मुहैया करवाए जा रहे हैं।