बुधवार को जिले की सुरनकोट तहसील में पीरपांचाल पहाड़ी श्रृंखला में बसे गांव संगलेयानी में भूस्खलन की चपेट में आकर दब जाने से एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
उचपार के लिए उप जिला अस्पताल सुरनकोट में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस हादसे में बच्ची रूबीना कोसर( 11) की मौत हो गई और घायल उसके भाई अजहर(10) निवासी संगलेयानी सुरनकोट का इलाज अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब सात बजे अचानक जिले भर में जोरदार वर्षा शुरू हो गई। इस दौरान करीब आठ बजे सुरनकोट तहसील के गांव संगलेयानी निवासी शौकत हुसैन की कक्षा चार में पढ़ने वाली पुत्री रूबीना अपने कक्षा दो पढ़ने वाले भाई अजहर को साथ लेकर कर वर्षा के बीच स्कूल जा रही थी।
कि अचानक वर्षा के दौरान पहाड़ से भूस्खलन होने लगा और भारी मात्रा में पत्थर मिट्टी आदि उनके ऊपर आ गिरे। भूस्खलन में दबने से रूबीना की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके भाई की टांग और कमर में चोटें आईं। मलबे के बीच आधा शरीर दबे होने के बावजूद अजहर ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
इस शोर से आसपास से बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और दोनों बच्चों को मलबे से बाहर निकाला। तब तक बहन की मौत हो चुकी थी। घायल भाई को उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका उपचार जारी है।