पूर्व मुख्यमंत्री एवं डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर जम्मू कश्मीर में अतिक्रमण हटाओ अभियान में गरीब परिवारों को रियायत देने का आग्रह किया है। नई दिल्ली में गृह मंत्री शाह से मिले आजाद ने कहा कि जम्मू कश्मीर प्रशासन की तरफ से सभी तरह का अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी करने के बाद लोगों में अस्थिरता जैसा माहौल बना हुआ है।
उन्होंने कहा, आतंकवाद से पीड़ित विस्थापित लोगों और सीमांत प्रदेश जम्मू कश्मीर में आतंकवाद व अन्य कारणों से बन रही अस्थिरता की वजह से लोगों ने काहचराई भूमि और रोशनी एक्ट के तहत भूमि पर आवास बनाए हैं। लोगों के पास ज्यादा जमीन नहीं है। सरकार ने सड़क संपर्क के अलावा पेयजल और बिजली की व्यवस्था की हुई है। आंगनबाड़ी केंद्र व अन्य कल्याणकारी योजनाएं भी ऐसे क्षेत्रों में चल रही हैं। आजाद ने गृहमंत्री से आग्रह किया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान में भूमि के छोटे से टुकड़े पर आवास बनाकर रहने वाले गरीब लोगों को बेघर नहीं किया जाना चाहिए।