राज्यसभा में विपक्ष के नेता और जम्मू कश्मीर में कांग्रेस के चुनाव प्रभारी गुलाम नबी आजाद कांग्रेस को घुसपैठिया नहीं, बल्कि विकास का प्रतीक मानते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आरोपों पर आजाद का कहना है कि गठबंधन सरकार अटल बिहारी वाजपेयी ने भी चलाई और कांग्रेस ने रियासत की सरकारों में शामिल रहकर जम्मू के विकास की रूपरेखा खींचीं।
विधानसभा चुनाव में आजाद ने अकेले 171 रैलियां की हैं। वह कांग्रेस के चेहरे के रूप में प्रचार अभियान में जनता से रू-ब-रू थे। प्रचार अभियान की समाप्ति के बाद उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन की संभावना पर संतोष जताया। ‘अमर उजाला’ से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा का मिशन 44 प्लस फेल हो चुका है।
मोदी गरजने वाले बादल हैं जो बरसते नहीं हैं। खाली बर्तन में आवाज ज्यादा होती है। यह शोर सीटों में नहीं बदलेगा। कांग्रेस ने अब तक सभी चरण के चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया है और पांचवें चरण में भी प्रदर्शन अच्छा रहेगा।
भाजपा समाज को बांटने का काम कर रही है
उन्होंने कहा कि यह चुनाव बिल्कुल अलग तरीके से लड़ा गया है। भाजपा और आरएसएस ने समाज को बांटने और ध्रुवीकरण की कोशिश की। पाकिस्तान और चीन की सीमा वाले इस प्रदेश में इस तरह की कोशिश देशहित में नहीं है, लेकिन जम्मू कश्मीर की जनता गुमराह नहीं हुई है।
भाजपा को जनता ने पिछले चुनाव में 11 सीटें दीं, जिसमें सात प्रतिनिधियों पर सौदे के आरोप लगे। जम्मू के लोगों ने भाजपा को तब 11 विधायक इस उम्मीद में दिए कि वे जम्मू की आवाज उठाएंगे, लेकिन उनमें से सात पर नेशनल कांफ्रेंस से सौदे के आरोप लगे।
खुद भाजपा ने उन्हें निलंबित कर दिया। इस बार भाजपा अधिक सीटें चाहती है, ताकि बड़ा सौदा किया जा सके। मतदाता इस इरादे को समझ चुके हैं।
दर्जन भर हेलीकाप्टर और जेट विमान
आजाद ने कहा कि भाजपा ने जम्मू संभाग में छह और कश्मीर में छह हेलीकाप्टर का इस्तेमाल चुनाव प्रचार में किया। इसके अलावा दोनों संभागों में छह-छह जेट विमान दिल्ली के लिए खड़े रहे। यह धनबल के प्रयोग का उदाहरण है। कांग्रेस ने सिर्फ एक हेलीकाप्टर से प्रचार किया। यह सत्ता का दुरुपयोग है।
आजाद ने कहा कि उनकी पत्नी का मुंबई के टाटा अस्पताल में बड़ा आपरेशन हुआ है। वह अभी भी अस्पताल में ही हैं, लेकिन वह प्रचार में जुटे रहे। बीस दिनों से अस्पताल में भर्ती पत्नी से सिर्फ एक बार मिले।
अकेले अभियान का संचालन करते हुए प्रधानमंत्री समेत उनके तमाम मंत्रिमंडल की टीम का मुकाबला करते रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सीटें दो अंकों तक नहीं पहुंच पाएंगी। भाजपा से नेकां और पीडीपी गठबंधन को भी तैयार नहीं है।