अखनूर नगरपालिका की वीरवार को हुई मासिक बैठक बिना नतीजे पर पहुंचे हुई समाप्त
नपा अध्यक्ष समेत चार महिला पार्षद बैठक में नहीं हुईं शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। कस्बे के नगरपालिका कार्यालय में संपत्ति कर और अन्य विकास कार्यों को लेकर वीरवार को आयोजित हुई बैठक में चार पार्षद और नपा अध्यक्ष मौजूद नहीं रहे। इसके कारण बैठक बिना किसी मुद्दे पर चर्चा किए समाप्त करना पड़ी। नपा अध्यक्ष ने इस बैठक में शामिल न होने का कारण व्यक्तिगत काम से बाहर चले जाना बताया।
संपत्ति कर लागू करने के फैसले के बाद अखनूर नपा की वीरवार को महत्वपूर्ण बैठक थी, जिसमें कस्बे में संपत्ति कर और विकास कार्यों पर चर्चा होने वाली थी। नपा अध्यक्ष के मौजूद न होने पर उपाध्यक्ष बलदेव राज की अगुवाई में बैठक शुरू हुई तो कुछ पार्षदों ने संपत्ति कर और विकास कार्यों पर अपनी बात रखी। लेकिन, नप अध्यक्ष संजय सराफ और चार अन्य पार्षदों अमिता गुप्ता, खेमा देवी, शिल्पा महाजन और रश्मि कुमारी के बैठक में मौजूद न होने से वहां उपस्थित पार्षदों ने इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करना व्यर्थ समझा।
उन्होंने बिना किसी नतीजे पर पहुंचे और बिना कोई नया फैसले लिए बैठक समाप्त कर दी। पार्षद राकेश मल्होत्रा ने बताया कि हाउस में अखनूर कस्बे में विकास कार्यों और संपत्ति कर सहित अन्य मुद्दों पर विचार होना था। लेकिन, चेयरमैन और कुछ पार्षद बैठक में नहीं पहुंचे तो बैठक बिना किसी निर्णय के समाप्त हो गई। बैठक में पार्षद करण सिंह, दीपेश सिंह, सुरेंद्र शर्मा, दीपक मणि, प्रदीप कुमार, प्रदीप भगत मौजूद थे। ईओ राजेंद्र कुमार ने कहा कि अब अगली बैठक में मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
-
मैं अपने व्यक्तिगत कार्य के लिए अखनूर शहर से बाहर गया था। इसलिए, हाउस की बैठक में हिस्सा नहीं ले सका। अब अगली बैठक में संपत्ति कर सहित विकास कार्यों पर चर्चा होगी।
- संजय सराफ, अध्यक्ष, नगरपालिका