सेना प्रमुख दलबीर सिंह ने जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एन एन वोहरा से मुलाकात कर राज्य के सुरक्षा संबंधी हालात पर लंबी बातचीत की है। दिल्ली में हुई इस मुलाकात में 2 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा पर गंभीर मंत्रणा हुई।
घाटी में पिछले दिनों आतंकियों की नई हरकतों के मद्देनजर इस बार यात्रा के लिए सरकार और सेना खास सतर्क है। राज्य में प्रस्तावित सैनिक कालोनी के निर्माण की तकनीक पर भी चर्चा हुई है।
गौरतलब है कि घाटी के अलगाववादी सैनिक कालोनी के प्रस्ताव का जबरदस्त विरोध कर रहे हैं। अलगाववादी यह बात फैला रहे हैं कि यह कालोनी के बहाने बाहर के लोगों को जम्मू-कश्मीर में बसाने की केंद्र की साजिश है।
सूत्रों के मुताबिक हालांकि आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने अमरनाथ यात्रियों को नुुकसान नहीं पहुंचाने संबंधी बयान दिया है। लेकिन, पाकिस्तान की शह पर दूसरे गुटों के हमले की आशंका लगातार बनी हुई है।
लिहाजा, सुरक्षा एजेंसियां किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहती। सेना प्रमुख ने राज्यपाल से मिलकर अमरनाथ यात्रा के कार्यक्रमों पर बारीकी से बातचीत की है। सेना प्रमुख ने राज्यपाल को एलओसी के ताजा हालात से भी अवगत कराया।