एमए स्टेडियम (जूडो हाल) में करवाई गई जम्मू जिला रेसलिंग चैंपियनशिप में युवाओं ने जोश दिखाया। इसमें विभिन्न जिलों से प्रतिभागियों ने शिरकत कर पदक बटोरे। जेएंडके रेसलिंग एसोसिएशन की ओर से करवाई गई इस प्रतियोगिता में विजेताओं ने प्रतिद्वंद्वियों को आगे आने का कोई मौका नहीं दिया और जीत दर्ज की।
चैंपियनशिप के 46 किलोग्राम भार वर्ग में दोमाना अखाड़ा के गौतम शर्मा ने पहला स्थान अपने नाम किया। दोमाना अखाड़ा के ही रतन सिंह को दूसरे और मुलही अखाड़ा के वीरेश्वर भारद्वाज तीसरे स्थान पर रहे। 51 भार में बजरंगी अखाड़ा के गौरा कुमार ने बाजी मारी।
झिड़ी अखाड़ा के विशाल सिंह ने दूसरा और झिड़ी अखाड़ा के ही गुरदीप सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी तरह 57 किलोग्राम भार वर्ग में अनिल चौधरी ने पहले, चलता गुजरां के शुभम ने दूसरे और बजरंगी अखाड़ा के भोपेंद्र सिंह ने तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
61 भार में चरगली अखाड़ा के राजेंद्र सिंह ने सबको पछाड़कर पहला स्थान अपने नाम किया। बजरंगी अखाड़ा के अमित बंसोत्रा दूसरे और बजरंगी अखाड़ा के ही शम्मी कुमार तीसरे स्थान पर रहे। 74 भार वर्ग में शास्त्रीनगर के रंजीत सिंह ने सबको शिकस्त देकर पहले स्थान पर कब्जा जमाया।
शास्त्री नगर के ही संदीप सिंह को दूसरा और बजरंगी अखाड़ा के लियाकत अली को तीसरा स्थान हासिल हुआ। 86 भार में बजरंगी अखाड़ा के बहादुर खान ने सबको पछाड़ा। बजरंगी अखाड़ा के ही दीपक सिंह दूसरे और इसी अखाड़ा के रज्जाक अहमद तीसरे स्थान पर रहे।
125 भार में बजरंगी अखाड़ा के मोहम्मद अकरम ने पहला और बजरंगी अखाड़ा के ही धौनक शर्मा ने दूसरा स्थान हासिल किया। इस दौरान प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने अजय वेद, राजन शर्मा, धीरज शर्मा, साहिल शर्मा, स्वर्ण लाल आदि पहुंचे।