गांदरबल में चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ी। स्रोत प्रशासन
युवा सेवा एवं खेल विभाग ने वीरवार को पूरे केंद्र शासित प्रदेश में जीवंत खेल आयोजनों की एक शृंखला आयोजित की। गांदरबल के गडूरा स्थित शारीरिक शिक्षा के सरकारी महाविद्यालय में अंडर-14 गर्ल्स बेसबॉल चैंपियनशिप के फाइनल मैच में गांदरबल ने पुलवामा को हराया। वहीं कुलगाम ने कुपवाड़ा के खिलाफ सराहनीय जीत हासिल की। विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गईं। अंडर-17 गर्ल्स बेसबॉल चैंपियनशिप शुक्रवार को होगी।
अनंतनाग में सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप (अंडर-15 बॉयज) का समापन विजकिड्स स्कूल बाटेंगू द्वारा रेडिएंट पब्लिक स्कूल बाटेंगू के खिलाफ फाइनल में जीत से हुआ। जिलास्तरीय अंतर-विद्यालय कबड्डी टूर्नामेंट (अंडर-19 बालक) में 36 उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के 432 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
अनंतनाग में अंडर-14 और अंडर-17 बालिकाओं का वॉलीबॉल टूर्नामेंट हुआ। इसमें 191 छात्राओं ने भाग लिया। अचबल में अंडर-14 और अंडर-17 बालकों के लिए एक मार्शल आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें 107 छात्रों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
शोपियां में गंग बख्श हनफिया हाई स्कूल अरहामा में अंडर-14 और अंडर-17 बालकों के लिए एक टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित की गई। बडगाम ने स्पोर्ट्स स्टेडियम चरार-ए-शरीफ में अंतर-जिला प्रांतीय स्तरीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट (अंडर-14 बॉयज़) का शुभारंभ किया, जिसमें दस जिलों के 110 एथलीट भाग ले रहे हैं।
किश्तवाड़ में अंडर-19 लड़के और लड़कियों के लिए क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी और खो-खो के मैच आयोजित किए गए। डोडा में जिला स्तरीय टूर्नामेंट के छठे दिन खो-खो और वॉलीबॉल मैच हुए। ज़ोन गुंडना ने अंडर-14 गर्ल्स खो-खो में जीत हासिल की, जबकि ज़ोन भल्लेसा ने कौशल और टीम वर्क का प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बॉयज़ वॉलीबॉल में जीत हासिल की। संवाद