- घर से सब्जी लेने निकलीं थी दोनों सगी बहनें, बड़ी बहन जान बचाकर पहुंची घर
- अपहरण में नाकाम रहे कार सवार तीन बदमाशों ने घर से 300 मीटर दूर की लड़की की हत्या
गांदरबल। गांदरबल में रविवार सुबह घर से सब्जी लेने निकली सगी बहनों का अपहरण करने में नाकाम कार सवार बदमाशों ने किशोरी की हत्या कर दी। हमले में घायल बड़ी बहन ने किसी तरह भागकर जान बचाई। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कक्षा सातवीं में पढ़ने वाली तेरह वर्षीय लड़की की दिनदहाड़े हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह 10 बजे कक्षा सातवीं में पढ़ने वाली बेटी 20 वर्षीय बहन के साथ सब्जी लेने घर से निकली थी। सेहपोरा बटसर स्थित घर से बमुश्किल 300 मीटर दूर सड़क पर पहुंची तो अचानक कार पास में आकर रुकी जिसमें ड्राइवर समेत तीन लोग सवार थे। तीनों अपहरणकर्ता दोनों बहनों को जबरन कार में बैठाने के लिए खींचने लगे।
एक बदमाश का हाथ काटकर बड़ी बहन ने खुद को छुड़ाया और किसी तरह भागकर घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। परिजन और पड़ोसी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे तो देखा कि छोटी बहन सड़क किनारे खून से लथपथ पड़ी है। उसके सिर पर किसी धारदार हथियार से वार किया गया था। मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाया। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। उधर, दिनदहाड़े सरेराह हुई हत्या से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आक्रोशित लोगोंं ने इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मासूम के हत्यारों को मिले कड़ी सजा : उमर
श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गांदरबल में एक नाबालिग लड़की की दुखद हत्या पर गहरा दुःख व्यक्त किया है और इसे अमानवीय बताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस जघन्य कृत्य के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
-
परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। श्रीनगर से पहुंची फोरेंसिक टीम जांच में जुट गई है। आरोपियों का जल्द पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- खलील पोसवाल, एसएसपी गांदरबल