-पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों से होगा आगाज, यातायात रहेगा प्रतिबंधित
-आकाश से लेकर जमीन तक निगहबानी, डल झील में मार्कोस कमांडो का पहरा
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर जम्मू। जी-20 पर्यटन कार्यसमूह की तीन दिवसीय तीसरी बैठक सोमवार से श्रीनगर में शुरू होगी। डल झील किनारे शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में आयोजित बैठक में विभिन्न राष्ट्रों के 60 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। आकाश से लेकर जमीन तक निगहबानी है। डल झील में मार्कोस कमांडो का पहरा है। लालचौक समेत शहर के कई इलाकों में एनएसजी कमांडो ने डेरा डाल रखा है। डल झील के किनारे बुलवर्ड रोड पर तीन दिनों तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा। इस बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से लेकर नियंत्रण रेखा (एलओसी) तक अलर्ट है। सीमावर्ती जिले कठुआ, सांबा, जम्मू, राजोरी, पुंछ, बारामुला, कुपवाड़ा व बांदीपोरा में आईबी व एलओसी पर जवानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है।
सम्मेलन के पहले दिन दोपहर बाद प्रतिनिधियों का एसकेआईसीसी में आगमन होगा। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों से उनका स्वागत होगा। क्राफ्ट बाजार में स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी में प्रतिनिधियों को देखने का मौका मिलेगा। अगले दिन आर्थिक विकास व सांस्कृतिक संरक्षण के लिए फिल्म पर्यटन विषय पर सत्र होगा जिससे फिल्म पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। इसके साथ ही इको टूरिज्म पर भी एक अलग सत्र होगा।
परी महल व मुगल गार्डन का प्रतिनिधि करेंगे दौरा
जी-20 में शामिल होने वाले प्रतिनिधि परी महल, चश्माशाही तथा मुगल गार्डन का दौरा करेंगे। इसके साथ ही वे पोलो व्यू मार्केट का भी दौरा करेंगे जिसका हाल ही में जीर्णोद्धार किया गया है।