अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। कश्मीर में जी-20 बैठक को लेकर सुरक्षा के पुख्ता बंदाेबस्त किए गए हैं। खासकर जम्मू-सांबा और कठुआ के नाकों पर, जहां पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों को लगाया है। हर नाके पर जवान सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा सीमांत इलाकाें में चप्पे-चप्पे पर भी सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया है, ताकि सीमा पर हर एक मूवमेंट की नजर रखी जा सके। बीएसएफ की ओर से 25 मई तक बॉर्डर को हाई अलर्ट पर रखा है। इसके चलते जिला पुलिस भी चौकन्नी है।
सीमांत इलाकों में हर नाके पर रात को 3 से 4 अर्धसैनिक पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं। हर वाहन पर पैनी नजर रखी जा रही है। कुछ ऐसे स्थानों को चिन्हित किया है, जहां आतंकियों की घुसपैठ या संदिग्ध की मूवमेंट हो सकती है। सूत्रों का कहना है - सभी थानेदारों को निर्देश हैं कि वह इमरजेंसी की स्थिति में ही छुट्टी लेंगे। 25 मई तक क्षेत्राधिकार नहीं छोड़ेंगे। बता दें आतंकी संगठनों की ओर से लगातार जी-20 की बैठक के दौरान खलल डालने का प्रयास किया जा रहा है और धमकियां भी दी जा रही हैं।
एसएसपी जम्मू चंदन कोहली का कहना है - जी-20 को लेकर सुरक्षा के बंदोबस्त किए हैं। ड्रोन से लेकर अन्य तकनीकी उपकरणों की मदद से सर्विलांस सिस्टम सक्रिय है। खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय बना है।