मोहिता शर्मा, कार्तिक श्रोत्रिया और सनी गुप्ता
- फोटो : सोशल मीडिया
यह बदलाव महज एक प्रशासनिक फेरबदल नहीं है, बल्कि चुनौतीपूर्ण हालातों में त्वरित व सटीक फैसले लेने और सुरक्षा ग्रिड को मजबूत करने के लिए युवा जोश को सीधे मोर्चे पर लगाने की एक बड़ी और सकारात्मक पहल है। गत 27 अगस्त को हुए 14 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों में 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी सनी गुप्ता को किश्तवाड़ का एसएसपी नियुक्त किया गया। एसपी अनंतनाग के रूप में महज तीन महीने की सेवा के बाद उन्हें यह पहली जिला कमान सौंपी गई है। इतने कम अनुभव में आतंकवाद की चुनौती वाले जिले की जिम्मेदारी मिलना युवा नेतृत्व पर बढ़ते भरोसे का सीधा प्रमाण है। यह सकारात्मक बदलाव केवल एक-दो जिलों तक सीमित नहीं है। 2017 बैच के साहिल सारंगल दक्षिण कश्मीर के अति-संवेदनशील पुलवामा और मोहित शर्मा कठुआ में पुलिस कप्तान की अहम भूमिका निभा रहे हैं।
पुलवामा, कुलगाम, किश्तवाड़ और डोडा जैसे जिले लंबे समय से आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए केंद्र में रहे हैं। इन क्षेत्रों में अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतरीन तालमेल बिठाने, अचानक पैदा होने वाली कानून-व्यवस्था की स्थितियों को संभालने और जवानों का मनोबल ऊंचा रखने के लिए युवा अधिकारियों को मोर्चे पर लगाया गया है। यह तैनाती उनके लिए महज एक प्रशासनिक अनुभव नहीं, बल्कि फील्ड पर उनके कुशल नेतृत्व और साहस की एक बड़ी परीक्षा है।