मौसम में हुए बदलाव से मंगलवार को गुलमर्ग में लगभग एक फीट बर्फबारी हुई। इसके चलते वहां बर्फबारी का आनंद उठाने काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे। इसके साथ ही जम्मू संभाग के ऊंचे पर्वतीय इलाके सियोजधार, शिवगढ़ धार, जुगधार और कठुआ के सरथल, छतरगलां, भंडार एवं मंदीधार में हल्की बर्फबारी हुई।
भद्रवाह के मैदानी इलाकों में बारिश और पर्वतीय इलाकों में हल्का हिमपात हुआ। नत्थाटाप एवं पत्नीटाप में ताजा बर्फबारी नहीं होने से वहां पहुंचने वाले पर्यटक मायूस हुए। कारगिल और लेह सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को जम्मू तथा श्रीनगर में गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
कठुआ में बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। राजोरी में सूरज की लुकाछिपी के बीच दिन में बादल छाए रहे। श्रीनगर में सुबह बूंदाबांदी हुई लेेकिन दिनभर में बादल छाए रहे। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 10.1 व न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से क्रमश: एक और चार डिग्री अधिक रहा।
इसके चलते मंगलवार को ठंड से राहत मिली। कारगिल में न्यूनतम तापमान माइनस 8.0 डिग्री सेल्सियस तथा लेह में माइनस 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू का अधिकतम तापमान 24.4 व न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य तापमान से क्रमश: दो और तीन डिग्री अधिक दर्ज किया। इससे दिन में थोड़ी गर्मी का अहसास होने लगा।
अब तक दो दिनों के अंदर घाटी के कुपवाड़ा में सबसे अधिक 20.5 मिमी, जम्मू संभाग के बनिहाल में सबसे अधिक 17.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। उधर, गुलमर्ग में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 13 मिमी, श्रीनगर में 13.8 मिमी, काजीगुंड में 5.0, पहलगाम में 20.4, कुपवाड़ा में 20.5, कोकरनाग में 7.2 मिमी और जम्मू संभाग के जम्मू में 4.0, बटोत में 12.8, कटड़ा में 9.3, भद्रवाह में 7.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।