चार साल पहले राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तारीकरण के चलते बंद हुए ट्यूबवेल का मुआवजा लेने के बाद भी विभाग ने लखनपुर क्षेत्र के लोगों को पानी मुहैया नहीं करवाया है।
पिछले एक साल से विभाग के पास मुआवजे की 1.28 करोड़ की राशि पड़ी हुई है, लेकिन अभी तक नए ट्यूबवेल नहीं लगे। असल में क्षेत्र के दो ट्यूबवेल विस्तारीकरण के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच आ गए और उन्हें बंद करना पड़ा।
इसके बाद पानी की गंभीर समस्या पैदा हो गई। ट्यूबवेल बंद करने के बदले में पीएचई विभाग ने नेशनल हाईवे प्राधिकरण से मुआवजा मांगा। इसकी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए विभाग ने तीन साल लगा दिए।
एक साल पहले विभाग को करीब 1.28 करोड़ रुपये प्राधिकरण ने दिए। यह रकम विभाग को नए ट्यूबवेल की डिगिंग करने और इमारत बनाने के लिए दिए गए।
इसके साथ ही इन्हीं पैसों से मोटर और पंप भी लगाना था, लेकिन विभाग ने अभी तक इन पैसों का उपयोग नहीं किया। इसके कारण लोगों पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। लोगों ने जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।