दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में सुरक्षा बलों ने रविवार को मुठभेड़ में लश्कर ए ताइबा कमांडर समेत चार आतंकियों को मार गिराया। इनमें एक हिजबुल मुजाहिदीन का भी आतंकी था। मारे गए आतंकियों से हथियार और गोला बारूद बरामद किए गए हैं। चारों दहशतगर्दों के खिलाफ आतंकी गतिविधियों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
सुरक्षा बलों को सूचना मिली कि अनंतनाग जिले के वानिहाम इलाके में आतंकी छिपे हुए हैं। इस सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च आपरेशन चलाया। घेरा सख्त होता देख आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें चार आतंकी मारे गए।
मारे गए आतंकियों की शिनाख्त लश्कर के जिला कमांडर मुजफ्फर अहमद भट उर्फ अबु तल्लाह व उमर आमिन भट (दोनों निवासी सोपट टंगपोरा-कुलगाम), सज्जाद अहमद भट (टंगबल फ्रीसल) तथा हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी गुलजार अहमद भट (हीरपोरा-कुलगाम) के रूप में हुई है। इनके पास से दो एके 47 राइफल, दो पिस्टल, हथियार तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार जिला कमांडर मुजफ्फर का 2017 से लंबा आपराधिक रिकार्ड रहा है। उस पर सात मामले दर्ज हैं। अन्य तीनों आतंकियों पर भी कुलगाम में अनैतिक गतिविधियां निवारण अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।