संवाद न्यूज एजेंसी
बनतालाब। उपायुक्त डॉ. राकेश मिन्हास के निर्देश और एसडीएम डॉ. दीपक कुमार की देखरेख में प्रशासन ने भलवाल में अवैध ढांचों को हटाने के लिए अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। भलवाल गांव में खसरा संख्या 3456 के अंतर्गत चार दुकानों को तोड़ा गया।
तहसीलदार मोनिका शर्मा और घरोटा एसएचओ राजेश वर्मा की उपस्थिति में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि राज्य की भूमि पर सभी कब्जों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उधर, स्थानीय लोगों ने विरोध किया। युवा राजपूत सभा के पूर्व अध्यक्ष राजन सिंह हैप्पी ने कहा कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मंजूर नहीं है लेकिन जिन लोगों की दुकानें तोड़ी गई हैं, उनके पुनर्वास का इंतजाम भी सरकार को करना चाहिए। जो व्यक्ति एक जगह पर 30 साल से दुकान चला रहा है, उसे एक पल में सड़क पर लाने को जायज निर्णय नहीं कहा जा सकता है।