दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में पुलिस ने आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के चार ओजीडब्ल्यू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को अवंतीपोरा पुलिस को यह इनपुट मिला कि हिज्ब का एक सक्रिय आतंकी आदिल अहमद भट ने ख्रीयू के हिज्ब के ओजीडब्ल्यू रूफुल इस्लाम को भारी राशि दी है। यह राशि उसे आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए अन्य आतंकियों और ओजीडब्ल्यू नेटवर्क के बीच बांटना था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जांच के दौरान रूफुल इस्लाम को धर दबोचा गया। पूछताछ के दौरान उसने कबूला कि आतंकी आदिल ने उसे 10 लाख रुपये दिया है ताकि वह अन्य आतंकियों और ओजीडब्ल्यू नेटवर्क में उसे बांट कर हिज्ब का नेटवर्क मजबूत कर सके। साथ ही युवाओं को हिज्ब में शामिल करने के लिए बहला फुसला सके।
उसने यह भी बताया कि उसने यह पैसा बटपोरा लधू के मोहम्मद मकबूल वानी, लधू के शकील अहमद वानी और नंबलाबल पांपोर के मुसैब अजीज गोजरी को दिया है जो हिज्ब के ओजीडब्ल्यू हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर चार अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर पैसा बरामद कर लिया। पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगने की उम्मीद है। पुलिस के अनुसार यह पैसा आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इस्तेमाल में लाया जाना था।