दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग में एसपीओ खुर्शीद अहमद पर हमले के मामले में शोपियां पुलिस ने हिजबुल के चार ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार किया है। हमला हिज्ब कमांडर सद्दाम पाडर तथा इरफान अब्दुल्लाह गनेई के निर्देश पर किया गया था। एसपीओ पर 11 जून को हमला हुआ था जिसमें कई गोलियां लगने से वह बुरी तरह घायल हो गया था। पकड़े गए ओजीडब्ल्यू में पीडीपी एमएलए एजाज अहमद मीर का ड्राइवर भी है।
पुलिस के अनुसार हमले को नाजिम नाजिर तथा अन्य हिजबुल आतंकियों ने अंजाम दिया था। इस घटना में चार ओजीडब्ल्यू ने मदद की थी, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए ओजीडब्ल्यू में हेफ निवासी बैंककर्मी आमिर मोहिदीन, चाकूरा निवासी एमएलए वाचि का ड्राइवर कांस्टेबल तौसीफ अहमद, लिटर निवासी निजी स्कूल का शिक्षक बशारत युसूफ मीर तथा अवनीरा निवासी इफ्तिखार राथर उर्फ जमशेद शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार ये ओजीडब्ल्यू शोपियां जिले में पुलिसकर्मियों तथा नागरिकों पर इस प्रकार के अन्य हमले की साजिश कर रहे थे। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर इस साजिश को विफल करने में सफलता हासिल की है।