उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी सेक्टर की एलओसी से सटे लिंबर इलाके में सुरक्षाबलों ने चार आतंकियों को गिरफ्तार किया। यह सभी हाल ही में आतंकी संगठन में शामिल हुए थे। सभी सीमा पार जाने की फिराक में थे। एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें नए भर्ती हुए एक ग्रुप के बारे में विशिष्ट इनपुट मिला था।
सूचना थी कि यह ग्रुप लिंबर इलाके से सटी एलओसी के रास्ते सीमा पार करने की फिराक में है। इसके आधार पर सेना की 161 टीए, बारामुला पुलिस और सीआरपीएफ की 53 बटालियन ने देर रात तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान इन सभी को पकड़ लिया। पकड़े गए युवाओं में से दो दक्षिणी कश्मीर और दो उत्तरी कश्मीर के हैं।
उन्होंने बताया कि शुरुआती पूछताछ के बाद इन सभी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूछताछ के दौरान युवाओं से आतंकियों को भर्ती करने वाले मॉड्यूल के बारे में जानकारी मिल सकती है।
पकड़े गए युवाओं में आदिल अहमद डार, हरदु हंगीर यारिपोरा, कुलगाम का है। बीए का छात्र आठ जून से लापता था। सात जून से लापता ताहिर सलीम लोन (कपरन-शोपियां), नौ जून से लापता नवीद अहमद पररा (तकिया हामरे-पट्टन, बारामुला) और 10 जून से गायब समीर अहमद भट(सीर सोपोर-बारामुला) हैं।