पकड़े गए आतंकी शब्बीर अहमद और मोहम्मद अकीब
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू-कश्मीर में बुधवार को सुरक्षा बलों ने चार आतंकियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। हिजबुल के दो आतंकी दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा से पकड़े गए हैं। जबकि जम्मू संभाग के पुंछ से भी दो आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। आतंकियों सेे भारी मात्रा में हथियार भी मिले हैं। सभी से पूछताछ चल रही है।
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा के पंजगाम में में पुलिस और सीआरपीएफ ने नाका लगाया गया था। चेकिंग के दौरान उन्होंने दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। उनके पास से एक यूबीजीएल, दो हैंड ग्रेनेड, एके-47 की 25 गोलियां और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। पुलिस के अनुसार दोनों की शिनाख्त कावेनी दुगरिपोरा के जान मोहम्मद शेख और पंजगाम के नासिर-उल-इस्लाम के तौर पर हुई है। दोनों आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से संबंधित थे।
पुंछ में पकड़े गए दहशतगर्द पुलवामा के रहने वाले
दूसरी ओर पुंछ जिले में सेना ने दो आतंकियों को हथियारों के साथ दबोचा। सेना की 24 आरआर बटालियन के जवानों ने जड़ावाली गली क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग के दौरान एक टवेरा गाड़ी (जेके 01-5936) को रोका। उसमें तलाशी के दौरान दो एके-56 राइफल और दो मैगजीन बरामद हुईं। जवानों ने वाहन में सवार दो आतंकियों को भी दबोच लिया। पकड़े गए आतंकी शब्बीर अहमद और मोहम्मद अकीब दोनों काकपोरा पुलवामा के रहने वाले हैं। यह गाड़ी मेंढर की तरफ से जड़ावाली की तरफ आ रही थी।
बलनोई सेक्टर से घुसपैठ की आशंका, सेना चला रही सर्च आपरेशन
ऐसी आशंका जताई जा रही है कि मेंढर के बलनोई सेक्टर में घुसपैठ हुई है। सेना दोनों आतंकियों से इस बारे में भी पूछताछ कर जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। आतंकियों के पकड़े जाने के बाद पुंछ-राजोरी में हाईवे पर नाके बढ़ा दिए गए हैं। मेंढर के गुरसाईं से सलवाह तक सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है। यही रास्ता बलनोई सेक्टर की तरफ जाता है, जहां से आतंकियों के घुसपैठ की आशंका जताई जा रही है।