नौशेरा में जिले की मांग पर धरना-प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। एसएसपी राजोरी युगल मनहास के अनुसार नौशेरा स्थित मुख्य बाजार में करीब सात-आठ लोग प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान दो युवकों ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।
इसका एक वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल भी हुआ था। एसएसपी ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर बाद पुलिस का वाहन जब मुख्य बाजार से गुजर रहा था, तो उस समय आठ-दस लोगों का एक ग्रुप धरना-प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी कर रहा था। वहां भी दो लोगों ने पुलिस वाहन देख कर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए थे।
पुलिस ने मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए चारों के खिलाफ आरपीसी की धारा 124ए और 153ए के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी के अनुसार पाक जिंदाबाद के नारे लगाने वाले चारों आरोपी अरुण गुप्ता पुत्र चमनलाल गुप्ता दोनों निवासी वार्ड नं 4 नौशेरा और गुरमीत सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी राजल धल्लियां और अवतार सिंह पुत्र धेरा सिंह निवासी नौशेरा फरार हो गए हैं। उनकी धरपकड़ के लिए छापेमारी जारी है।