जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबेहरा इलाके में भीषण आग लगने से चार रिहायशी घर और दो शेड पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और आग पर काबू पाने के लिए तुरंत पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया।
दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को आसपास के इलाकों में फैलने से रोक लिया गया और आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है, हालांकि संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। शुरुआती तौर पर आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि आग लगने के असल कारणों का खुलासा हो सके।