ज्यौडियां। सीएचसी खौड़ में बुधवार रात एक स्वास्थ्य कर्मी संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से झुलस गया। उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। उसकी पहचान एजाज उर रहमान निवासी कुलगाम के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात लगभग डेढ़ बजे के करीब वह सीएचसी खौड़ के पीछे बने सरकारी आवास में सोया हुआ था। इस दौरान कमरे में आग लग गई, जिसमें कर्मचारी आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। सीएचसी खौड़ में तैनात डाॅक्टर पंकज ने उसे प्राथमिक उपचार देकर जम्मू रेफर कर दिया। डाॅक्टर के अनुसार वह लगभग पचास प्रतिशत जल गया है। आग में कर्मचारी के कपड़े व खाने पीने का सारा समान भी राख हो गया।
जानकारी के अनुसार सरकारी आवास में वह अकेला ही सोया हुआ था और घायल अवस्था में उसने कुछ दूरी पर दूसरी इमारत में सोये डॉक्टर के कमरे के दरवाजे को खटखटाया। डाॅक्टर ने उसे सीएचसी में पहुंचाया और उसको प्राथमिक उपचार देकर जम्मू रेफर कर दिया। खौड़ पुलिस थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि रात के समय हमें सूचना मिली थी कि सीएचसी के पास सरकारी आवास में आग लग गई है और कमरे में सोया एक कर्मचारी आग की चपेट में आ गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया और मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है।