श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के शोपियां ज़िले के वाची निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व विधायक ऐजाज़ अहमद मीर ने एक बार फिर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) में वापसी की है। पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और सोशल मीडिया पर उनके साथ तस्वीर साझा की। 2024 के विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने से नाराज मीर ने पार्टी छोड़ निर्दलीय चुनाव लड़ा था।
पीडीपी के बयान में कहा गया कि मीर की वापसी पार्टी की एकता, प्रगति और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। महबूबा मुफ्ती ने कहा, कई उतार-चढ़ाव के बाद मीर का पार्टी में लौटना सुखद है। मुझे उम्मीद है कि हम एक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेंगे। मीर ने भी पार्टी में वापसी पर गर्व जताया और कहा कि वे फिर से जनता की सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए प्रतिबद्ध हैं।
2014 में पीडीपी से विधायक बने मीर का सियासी सफर काफी दिलचस्प रहा है। वे वाची के एक प्रमुख राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता नेकां के नेता थे। पिता की मृत्यु के बाद एजाज ने पढ़ाई पूरी कर 2011 में सरपंच बनकर जम्मू-कश्मीर के सबसे युवा सरपंच का खिताब हासिल किया। बाद में पंच और सरपंच यूनाइटेड फोरम के अध्यक्ष बने और पीआरआई के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाई।
उनकी वापसी पीडीपी के लिए खास तौर पर दक्षिण कश्मीर में समर्थन पुनः प्राप्त करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।