सुरक्षा बलों ने जिले की खड़ी तहसील के लश्कर वन पहाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार को आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद बरामद किए।
माना जा रहा है कि किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से इन्हें यहां छिपाकर रखा गया था। सेना और पुलिस के संयुक्त अभियान में हालांकि, कोई आतंकी हाथ नहीं लगा।
सैन्य और पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक आतंकी ठिकाने से बरामद हथियारों में एक यूनिवर्सल मशीनगन, यूनिवर्सल मशीन गन के दो लोडेड बेल्ट, एक स्नाइपर राइफल, तीन स्नाइपर मैगजीन, स्नाइपर के 42 राउंड, तीन बम, एक यूबीजीएल ग्रेनेड, ग्रेनेड लांचर, एक ग्रेनेड, एक चाइनीज हैंड ग्रेनेड, एक ट्रांसमीटर रिसीवर, एंटीना, केबल तार, तीन जोड़े जूते और 12 कि लो विस्फोटक शामिल हैं।
अन्य सामानों में कंबल और खाने पीने की कई वस्तुएं भी बरामद की गईं हैं। आतंकी ठिकाना ध्वस्त करने के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया।
पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेरा और मजबूत कर दिया गया है। गौरतलब है कि इस क्षेत्र में 1990 से लेकर 2008 तक आतंकी सक्रिय थे। सुरक्षा बल इतनी भारी मात्रा में विस्फोटकों हथियारों की बरामदगी को बड़ी सफलता मान रहे हैं।