जम्मू कश्मीर सरकार के समाज कल्याण, एआरआई, ट्रेनिंग व साइंस तथा टेक्नोलाजी मंत्री सज्जाद गनी लोन ने कहा कि रियासत में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन के ढांचे को विकसित करने की दिशा में काम किया जाना चाहिए। पर्यटन विकास के लिए सकारात्मक फैसले लिए जाएं।
इसके लिए हितधारक, शोधकर्ता, अकादमिक और नीति धारक बेहतर काम करें। जम्मू विश्वविद्यालय में शनिवार को स्कूल आफ हास्पिटेल्टी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट की दो दिवसीय चौथी अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस के समापन समारोह में लोन ने पर्यटन के विकास पर जोर दिया।
कांफ्रेंस में स्कूल के निदेशक प्रो. पी सिंह मन्हास ने बताया कि कांफ्रेंस में पर्यटन हितधारकों ने समुदाय सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बेन गुरियां यूनिवर्सिटी इजरायल के होटल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट से डा. आमिर सैनी ने कहा कि पर्यटन के सभी क्षेत्रों पर काम होना चाहिए। कुलपति प्रो. आरडी शर्मा ने कहा कि ऐसी कांफ्रेंस से स्थानीय शोधकर्ताओं को नया प्लेटफार्म मिलता है।