शिवरात्रि के मौके पर शिव भक्तों को महंगे पड़ेंगे अखरोट। इस बार दाम बढ़ने के कारण शिव भक्तों को शिवरात्रि के अवसर पर महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार अखरोट के दामों में सौ रुपये प्रति किलो के हिसाब से दाम में बढ़ोतरी हुई है।
अखरोट के दाम बढ़ने के साथ ही दुकानदारों को अपने ग्राहकों की कमी सताने लगी है। कश्मीरी पंडित समुदाय से संबंध रखने वाले लोग शिवरात्रि की पूजा में विशेष तौर पर अखरोट का इस्तेमाल करते हैं।
शिवरात्रि के मौके पर कश्मीरी पंडित और पहाड़ी क्षेत्र के हिंदू लोग अपने घरों में पूजा-अर्चना के दौरान काफी संख्या में अखरोट का इस्तेमाल कर अपने घर और रिश्तेदारों के बीच प्रसाद के रूप में वितरण करते हैं। वहीं नवविवाहित बेटियों के घरों में खास तौर पर अखरोट भेंट किए जाते हैं।
बस स्टैंड स्थित गुप्ता ड्राई फ्रूट के विक्रेता वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष बाढ़ के कारण थोड़ी बहुत अखरोट की फसल खराब हुई है। अखरोट का निर्यात नहीं हुआ, इसके बावजूद खेप कम रही, जिससे अखरोट के दामों में इजाफा कर दिया।
उन्होंने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार अखरोट के दामों में सौ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा डॉली ड्राई फ्रूट के दुकानदार सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों द्वारा अखरोट की खरीदारी होेती है।
स्थानीय लोग खास तौर पर कश्मीरी पंडित समुदाय और पहाड़ी क्षेत्र के हिंदू लोग शिवरात्रि के मौके पर खास तौर पर अखरोट की खरीदारी करते हैं। इस बार अखरोट के दाम बढ़ गए हैं। कागजी अखरोट साढ़े तीन सौ रुपये से लेकर साढ़े चार-पांच सौ रुपये तक बेचा जा रहा है।
सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष शिवरात्रि के मौके पर 230 रुपये से लेकर 280 रुपये प्रति किलो तक के करीब अखरोट बेचे गए थे। उन्होंने बताया कि जो लोग दस किलो अखरोट खरीदता था, वह इस बार पांच या चार किलो तक के करीब ही खरीदारी करेगा।