पिछले दिनों रियासत में आई बाढ़ के कारण प्रभावित हुए परिवारों के घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए थे। उन्हें अंतरिम राहत के तौर पर 89 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में की गई उच्च स्तरीय बैठक के दौरान इस बारे में जानकारी दी गई।
इस दौरान राहत एवं पुनर्वास प्रक्रिया को तेजी से करने के बारे में निर्देश दिए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी भी प्राप्त की। इस दौरान कश्मीर के मंडलायुक्त ने बताया कि प्रभावित परिवारों को अंतरिम राहत वितरण प्रक्रिया पुरजोर तरीके से जारी है।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर जिले से संबंधित 2849 परिवार जिनके घर बाढ़ के कारण पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें अंतरिम राहत वितरित की जा रही है। बैठक में बताया कि घाटी के अभी तक सात हजार परिवारों को राहत उपलब्ध करवाई गई है। बैठक में अन्य कार्यों पर भी चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न मंत्री, मुख्य सचिव, डीजीपी, प्रिंसिपल सचिव, प्रशासनिक सचिव, विभागों के प्रमुख एवं वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।