घाटी में सोमवार सुबह से लगातार हो रही बारिश से दक्षिण कश्मीर के अलावा कई पहाड़ी इलाकों में नदी-नालों में पानी का स्तर बढ़ने के साथ-साथ बहाव भी तेज हो गया है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अलर्ट घोषित कर दिया है। मौसम विभाग ने भी ऊपरी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए चेतावनी जारी कर दी है। कुलगाम में झेलम नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के नवपुरा इलाके में बहने वाले विशु नाले में अचानक पानी का स्तर बढ़ जाने से अलग-अलग गांवों के 35 परिवार अपने माल मवेशियों सहित बाढ़ में फंस गए थे, जिनमें गुज्जर बकरवाल समुदाय के करीब 25 सदस्य भी थे।
चारों ओर तेज बहाव वाला पानी होने के कारण वह वहां से निकलने की स्थिति में नहीं थे। इन लोगों के फंसे होने की खबर फैलते ही तुरंत घटनास्थल पर बचाव कार्य को अंजाम देने के लिए सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ पहुंच गई।