उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले से हथियार लेकर फरार सेना का जवान आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल हो गया है। हिज्ब की ओर से जारी बयान में उसके संगठन में शामिल होने की बात कही गई है।
बारामुला जिले के गंटामुला इलाके में स्थित सेना की 173 टेरिटोरियल आर्मी के यूनिट से जहूर अहमद ठोकर एके-47 राइफल और 3 मैगजीन लेकर पांच-छह जुलाई की दरमियानी रात को अपने यूनिट से फरार हो गया था। पुलिस और सैन्य अधिकारी लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं।
इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई थी कि वह आतंकी संगठन में शामिल हुआ है या नहीं। इस बीच उसके हिजबुल में शामिल होने की बात सामने आने पर पुलिस जांच में जुट गई है। ठोकर दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के सिरनू गांव का रहने वाला है। हिजबुल प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन ने बयान जारी कर कहा है कि अन्य पुलिसकर्मी तथा सेना के जवान भी इसी की तरह आतंकवाद में शामिल होंगे। इससे पहले भी कई पुलिसकर्मी और अधिकारी आतंकी संगठनों में शामिल हो चुके हैं।